रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018 के दूसरे और अंतिम चरण में शाम सात बजे तक 71.93 प्रतिशत मतदान हुआ है। चुनाव आयोग ने यह आंकड़ा जारी किया है। साथ ही इसमें और वृद्धि की संभावना जताई गई है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने बताया कि दूसरे चरण में 71.93 फीसद वोट पड़े हैं, हालांकि उन्होंने साफ किया कि अंतिम आकड़ों में मतदान का प्रतिशत और बढ़ सकता है। पहले चरण में बस्तर में करीब 76 फीसद मतदान हुआ है। उस लिहाज से अभी दूसरे चरण में कम मतदान है। छत्तीसगढ़ चुनाव में दूसरे चरण के मतदान की शुरुआत धीमी रही। पहले दो घंटों में महज 12 फीसद मतदान हुआ। इसकी सबसे बड़ी वजह ईवीएम की खराबी और राजनीतिक दलों की अनुपस्थित रही। कई बूथों पर मतदान शुरू होते ही ईवीएम में तकनीकी दिक्कतें आईं।
वहीं, कुछ बूथों पर राजनीतिक दलों के एजेंटों के देर से पहुंचने की वजह से मतदान समय पर शुरू नहीं हो पाया। दूसरे दो घंटों में भी लगभग 12 फीसद ही मतदान हुआ, लेकिन दोपहर बाद इसकी रफ्तार बढ़ी। मतदान खत्म होने के निर्धारित समय पांच बजे तक 64.8 फीसद मतदान दर्ज हुआ। आयोग ने शाम सात बजे 71.93 का आंकड़ा जारी किया। साथ ही इसमें और वृद्धि की संभावना जताई गई है।
पहले चार घंटों में छह फीसद औसत की दर से हुआ मतदान
दूसरे चरण की 72 सीटों पर शुरुआती चार घंटों में छह फीसद प्रति घंटे की रफ्तार से मतदान हुआ। पहले चार घंटे में सुबह 10 बजे तक 12.54 फीसद मतदान हुआ। अलगे दो घंटे यानी दोपहर 12 बजे तक कुल 25.56 फीसद मतदान हुआ।
दो बजे के बाद 10 फीसद की दर
दोपहर दो बजे के बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ी और औसत 10 फीसद प्रति घंटे की गति आ गई। चार बजे तक मतदान के औसत आंकड़े में करीब 20 फीसद से अधिक की बढ़ोतरी हुई और आंकड़ा 58.47 फीसद पर पहुंच गया। इसके बाद गति बढ़ी रही। साढ़े चार बजे की स्थिति में मतदान का प्रतिशत 59.41 तक पहुंचा।
अंतिम घंटे में केवल छह फीसद मतदान
मतदान के अंतिम घंटे में महज छह फीसद मतदान हुआ। शाम पांच बजे निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी अधिकृत आंकड़ों के अनुसार चार बजे तक यह आंकड़ा 58.47 था। पांच बजे तक इसमें केवल छह फीसद की बढ़ोतरी हुई है।
पहले चरण से अलग परिस्थितियां
पहले चरण की 18 सीटों का ज्यादातर हिस्सा जंगल व पहाड़ी था। नक्सली धमकी और खतरा भी था। इसके विपरीत दूसरे चरण में शामिल 72 सीटों का अधिकांश हिस्सा मैदानी है। राजधानी समेत बड़े और प्रमुख शहरों के साथ साक्षरता दर भी बेहतर है।
पहले चरण में रिकार्ड 76 फीसद से अधिक मतदान
राज्य की 18 सीटों के लिए पहले चरण में 12 नवंबर को हुए मतदान में 76.44 फीसद मतदान हुआ है। 2013 में इन सीटों पर 75.86, 2008 में 67.14 और 2003 में 65.68 फीसद मतदान हुआ था।
इस तरह चढ़ता रहा मतदान
समय मतदान (%)
10 बजे- 12.54 %
12 बजे 25.56%
दो बजे 48.98%
चार बजे 59.41%
पांच बजे 64.80%
यहां हुआ बहिष्कार
बिंद्रानवागढ़ विधानसभा के परेवापाली में ग्रामीणों ने सड़क की मांग पूरी नहीं होने पर बहिष्कार किया। जॉजगीर चांपा जिले की चन्द्रपुर की बागरेल और कोरबा जिले की जमुनापाली मतदान केन्द्र पर एक भी वोट नहीं पड़े।
दो पीठासीन अधिकारी हटाए गए, दो थानेदार लाइन हाजिर
मरवाही विधानसभा के सेमरा में पीठासीन अधिकारी सुरेंद्र कुमार मंडावी और धनौली मतदान केंद्र के मतदान अधिकारी कमल किशोर तिवारी को मतदान प्रक्रिया का उल्लंघन करने पर पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्हें तत्काल निर्वाचन प्रक्रिया से बाहर किया गया। बिलासपुर जिले में गौरेला थाना प्रभारी एसएस सोरी एवं पेण्ड्रा थाना प्रभारी अमित पाटले को लाइन अटैच किया गया।