छत्तीसगढ़

प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए प्राक्चयन परीक्षा 9 जून को
Posted Date : 08-Jun-2024 10:32:56 pm

प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए प्राक्चयन परीक्षा 9 जून को

  • प्रात: 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगी परीक्षा  
  • सेंट टेरेसा कान्वेंट स्कूल बोईरदादर को बनाया गया परीक्षा केन्द्र

रायगढ़। प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा का आयोजन 9 जून 2024 रविवार को प्रात: 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक परीक्षा केन्द्र सेंट टेरेसा कान्वेंट स्कूल बोईरदादर रायगढ़ में किया जाएगा। परीक्षा में कुल 354 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में परीक्षा के सफल संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक आयुक्त आदिवासी विकास रायगढ़ महेश शर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही सहायक संचालक आदिवासी विकास रायगढ़ आकांक्षा पटेल को पर्यवेक्षक तथा प्राचार्य सेंट टेरेसा कान्वेंट स्कूल बोईरदादर रायगढ़ को केन्द्राध्यक्ष नियुक्त किया गया है। परीक्षा से संबंधित समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। उक्त परीक्षा हेतु विद्यार्थियों का प्रवेश पत्र ऑनलाईन अपलोड कर दिया गया है। परीक्षार्थी विभागीय वेबसाईट https://eklavya.cg.nic.in/PRSMS/Student-admission-Detail से जानकारी प्राप्त कर सकते है।

 

दो दिन बाद छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगा मानसून
Posted Date : 08-Jun-2024 10:32:31 pm

दो दिन बाद छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगा मानसून

रायपुर।  नौतपा में भीषण गर्मी का सामना करने वाले छत्तीसगढ़ को अंतत: थोड़ी राहत मिल गई है। प्रदेश में प्री मानसून गतिविधियां प्रारंभ हो गई हैं। सुकमा में 3 सेमी और अंबागढ़ चौकी में 2 सेमी वर्षा सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश दर्ज की गई है। इस बार मानसून तय वक्त से  पहले ही केरल प्रवेश कर चुका है। इसके प्रभाव छग में भी देखने को मिलेगा। यहां भी तय समय से पहले ही मानसून प्रवेश होगा। वर्तमान में बन रही स्थिति के अनुसार मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून छग में 10 जून के आस- पास प्रवेश करेगा। इसके 3 दिनों पश्चात अर्थात 13 जून के करीब मानसून की दस्तक राजधानी में होगी।
गौरतलब है कि,  छत्तीसगढ़ में मानसून आने की सामान्य तिथि 13 जून है। इसके तीन दिनों बाद 16 जून को रायपुर में दस्तक होती है तथा 21 जून को अंबिकापुर पहुंचने के साथ ही यह पूरे प्रदेश में छा जाता है। शुक्रवार को भी छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवा चलने की आशंका भी मौसम विभाग द्वारा जताई गई है। अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
कहां तक पहुंचा है मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक के अधिकतर हिस्सों, महाराष्ट्र, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के अधिकतर हिस्सों और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। मानसून की उत्तरी सीमा रत्नागिरी, सोलापुर, मेडक, भद्राचलम, विजयनगरम और इस्लामपुर से होकर गुजरना रही है। अगले 3-4 दिनों के दौरान मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, कर्नाटक और तटीय आंध्रप्रदेश के शेष हिस्सों, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा के कुछ हिस्सों, पश्चिम मध्य के शेष हिस्सों और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढऩे के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
एक दो दिन छाए रहेंगे बादल
राजधानी सहित प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान आंशिक मेघमय रहेगा। गरज- चमक के साथ हल्की वर्षा भी संभावित है। गुरुवार को सर्वाधिक तापमान 426 डिग्री दुर्ग में दर्ज हुआ। सबसे – कम न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री नारायणपुर में दर्ज किया गया। रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 42.3 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 11 डिग्री अधिक 29.3 डिग्री दर्ज किया गया।

 

सातवें वेतन को लेकर आया बड़ा अपडेट, छत्तीसगढ़ के इन कर्मचारियों को मिलेगी बड़ी सौगात
Posted Date : 08-Jun-2024 10:32:15 pm

सातवें वेतन को लेकर आया बड़ा अपडेट, छत्तीसगढ़ के इन कर्मचारियों को मिलेगी बड़ी सौगात

रायपुर। निगम ,मंडल, आयोग अर्धशासकीय एवं अनुदान प्राप्त संस्थाओं के कर्मचारियों के लिए एक अच्छी खबर निकलकर सामने आई है। वित्त विभाग ने सभी कर्मचारियों के सातवें वेतनमान की अंतिम किश्त के भुगतान की स्वीकृत दे दी है।
राज्य शासन के वित्त विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने राज्य के शासकीय सेवकों के अनुरूप निगम, मंडल, आयोग, अर्धशासकीय एवं अनुदान प्राप्त संस्थाओं के कर्मचारियों को माह फरवरी 2018 से जून 2018 तक की अवधि के एरियर राशि के भुगतान किए जाने की स्वीकृति दे दी है।
आपको बता दें कि इससे पहले श्रम विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा विभिन्न अनुसूचित नियोजनों में कार्यरत श्रमिकों के लिए 01 अप्रैल 2024 से परिवर्तनशील महंगाई भत्ता निर्धारित की गई है। लेबर ब्यूरों शिमला से प्राप्त औद्योगिक सूचकांक में जुलाई 2023 से दिसम्बर 2023 के मध्य 14 बिन्दु की औसत वृद्धि हुई। जिसके अनुसार प्रति बिन्दु 20 रूपए के मान से 45 अनुसूचित नियोजनों में कार्यरत श्रमिकों के परिवर्तनशील महंगाई भत्ता में प्रतिमाह 280 रूपए की वृद्धि की गई।

 

मुख्यमंत्री ने स्वेच्छानुदान से 51 लोगों को डेढ़ करोड़ रूपए से ज्यादा सहायता राशि मंजूर की
Posted Date : 08-Jun-2024 10:31:54 pm

मुख्यमंत्री ने स्वेच्छानुदान से 51 लोगों को डेढ़ करोड़ रूपए से ज्यादा सहायता राशि मंजूर की

० ग्राम बाहपानी सडक़ दुर्घटना तथा ग्राम पिरदा में बारूद फैक्ट्री ब्लास्ट में मृतकों एवं घायलों को स्वेच्छानुदान से मंजूर की गई राशि
० 28 मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रूपए तथा 23 घायलों को 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि

रायपुर। राज्य के संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवेदनशीलता के साथ कबीरधाम जिले के विकासखण्ड पंडरिया के ग्राम बाहपानी में 20 मई को हुई दु:खद सडक़ दुर्घटना एवं बेमेतरा जिले की भिंभौरी तहसील के ग्राम पिरदा में 25 मई को स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में मृतकों के परिजनों तथा घायलों सहित 51 अनुदानग्रहिताओं को अपने स्वेच्छानुदान मद से कुल 01 करोड़ 51 लाख 50 हजार रूपए की राशि स्वीकृत की है। मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रूपए तथा घायलों को 50-50 हजार रूपए के मान से सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
कबीरधाम जिले के ग्राम बाहपानी की सडक़ दुर्घटना में 19 मृतकों के परिजनों को 5 लाख रूपए के मान से 95 लाख रूपए तथा इस घटना में 16 घायलों को 50-50 हजार रूपए के मान से कुल 8 लाख रूपए की राशि मुख्यमंत्री साय द्वारा स्वेच्छानुदान मद से मंजूर की गई है।
इसी प्रकार बेमेतरा जिले के ग्राम पिरदा की स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री में 25 मई को हुए ब्लास्ट में एक मृतक एवं 8 लापता व्यक्तियों के परिजनों को 5 लाख रूपए के मान से कुल 45 लाख रूपए की आर्थिक सहायता तथा इसी घटना में 7 घायलों को 50 हजार रूपए के मान से कुल 3 लाख 50 हजार रूपए की सहायता राशि की मंजूरी मुख्यमंत्री ने दी है।
मुख्यमंत्री ने कबीरधाम जिले के ग्राम बाहपानी की सडक़ दुर्घटना में मृतक प्यारी बाई, कुमारी सोनम बाई धुर्वे, धनैया बाई धुर्वे, सिरदारी राम धुर्वे, कुमारी किरण, शांति बाई, तिको बाई, मीला बाई, जनिया बाई, मुंगिया बाई, झंगलो बाई धुर्वे, सियाबाई, पैंटोरिन बाई मेरावी, बिस्मत बाई मेरवी, लीला बाई, परसदिया देवी, भारती बाई,  कुनती बाई, धानबाई धु्रर्वे के परिजन को 5-5 लाख रूपए की राशि तथा 16 घायलों ममता, मुन्नी बाई, गुलाब सिंह, दयाराम, शिवनाथ, महावीर, कार्तिक, धन्नू, इन्द्राणी, जोधीराम, अनिल, फूलचंद,  मानसिंह, श्रीराम, रम्हउ, बजरू को 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि मंजूर की है।
इसी तरह ग्राम पिरदा की स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री में ब्लास्ट में मृतक  सेवक राम और 8 लापता व्यक्तियों पुष्पराज देवदास, विजय देवदास, राजू धु्रव, नीरज धु्रव, लोकनाथ यादव, शंकर यादव, नरहर यादव, भीष्म साहू के परिजन को 5-5 लाख रूपए की राशि तथा 7 घायलों इन्द्रकुमार रघुवंशी,  दिलीप धु्रव, नीरज यादव, चंदन कुमार, मनोहर यादव, रवि कुर्रे, शेषनाथ निषाद को 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि मुख्यमंत्री साय द्वारा मंजूर की गई है। 

 

मुख्यमंत्री ने बताया यूथ हॉस्टल की सीटें बढ़ाकर 200 की, प्रदेश के युवाओं को होगा फायदा
Posted Date : 08-Jun-2024 10:31:32 pm

मुख्यमंत्री ने बताया यूथ हॉस्टल की सीटें बढ़ाकर 200 की, प्रदेश के युवाओं को होगा फायदा

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का ट्राइबल यूथ हॉस्टल का दौरा
  • छात्रों से संवाद कर सफलता के लिए किया प्रोत्साहित

नई दिल्ली।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली के द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने हॉस्टल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं छात्रों से संवाद कर उन्हें सफलता के लिए प्रोत्साहित किया। 
इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल, आदिम जाति अनुसूचित जनजाति विकास मंत्री  रामविचार नेताम एवं लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज भी साथ रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने हॉस्टल की सुविधाओं का जायजा लिया और देखा कि छात्रों को किस प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्रों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी प्रकार की कमी को तुरंत दूर किया जाए। मुख्यमंत्री ने हॉस्टल की सफाई, सुरक्षा और खानपान की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। छात्रों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री  साय ने बताया कि यूपीएससी अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए यूथ हॉस्टल में 50 बच्चों के सीटों को बढ़ाकर अब 200 बच्चों को तैयारी कराने का प्रावधान बजट में किया गया है। उनके लिए हॉस्टल व पीजी की व्यवस्था की जाएगी। यह कदम छात्रों की शिक्षा और करियर को बेहतर बनाने की दिशा में कारगर सिद्ध होगा। वहीं छत्तीसगढ़ के ज्यादा से ज्यादा बच्चे सिविल सेवा में सलेक्ट हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हमेशा छात्रों के विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे ही प्रयासों से हम अपने राज्य के युवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।छात्रों को प्रेरित करते हुए श्री साय ने कहा कि वे छत्तीसगढ़ का भविष्य हैं, अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करें। छात्रों से उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में चर्चा करते हुये उनका मार्गदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने छात्रों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।मुख्यमंत्री ने हॉस्टल के अधिकारियों से बातचीत में छात्रों की हर जरूरत का ध्यान रखने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों को छात्रों के शैक्षिक और मानसिक विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और कार्यशालाओं का आयोजन करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना हमारी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री के इस दौरे ने छात्रों में नया उत्साह और आत्मविश्वास भर दिया है। छात्रों ने मुख्यमंत्री से खुलकर अपनी बातें साझा की एवं उन्हें धन्यवाद दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के साथ मीडिया सलाहकार  पंकज झा, प्रेस अधिकारी  आलोक सिंह, जनसंपर्क आयुक्त  मयंक श्रीवास्तव, आवासीय आयुक्त श्रुति सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

गुम बालिका दस्तयाब : पुसौर पुलिस ने नाबालिक को भगा ले जाने वाले युवक को गिरफ्तार कर भेजा जेल
Posted Date : 07-Jun-2024 1:00:04 pm

गुम बालिका दस्तयाब : पुसौर पुलिस ने नाबालिक को भगा ले जाने वाले युवक को गिरफ्तार कर भेजा जेल

रायगढ़। पुसौर क्षेत्र से लापता हुई बालिका की खोजबीन में जम्मू रवाना हुई पुसौर पुलिस की टीम द्वारा गुम बालिका को ढूंढ निकालने में सफलता मिली है, साथ ही नाबालिग को भगा ले जाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है। 
जानकारी के मुताबिक पूर्व में 02 फरवरी के सुबह बालिका घर में बिना बताये कहीं चली गई थी, खोजबीन में परिजनों को बालिका नहीं मिलने पर बालिका के पिता द्वारा 04 फरवरी को थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराया गया, रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अप.क्र. 41/2024 धारा 363 आईपीसी पंजीबद्ध कर बालिका की खोजबीन की गई जिसे जम्मू में होने की जानकारी पर बालिका को जम्मू से लाकर दस्तयाब किया गया। बालिका ने अपने बयान में ग्राम परसदाकला, बाराद्वार जिला सक्ती का भेखलाल पटेल (32 साल) द्वारा शादी का प्रलोभन देकर भगा ले जाना और शारीरिक संबंध बनाना बतायी जिस पर प्रकरण में धारा 366,376 (2)(n), 4,6 पॉक्सो एक्ट विस्तारित कर आरोपी का पतासाजी  किया जा रहा था। 
इसी बीच वही बालिका 01 मई को बालिका फिर लापता हो गई। बालिका के पिता द्वारा 03 मई को थाना पुसौर में बालिका के गुम हो जाने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराने पर थाना पुसौर में अप.क्र. 105/2024 धारा 363 आईपीसी कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना दरम्यान आरोपी भेखलाल पटेल के द्वारा बालिका को बहला फुसलाकर जम्मू लेकर जाने की जानकारी मिली। तत्काल थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रोहित बंजारे द्वारा पुलिस टीम तैयार कर पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशन पर जम्मू रवाना किया गया। जम्मू में पतासाजी पर जानकारी मिला कि आरोपी भेखलाल पटेल जम्मू में रोजी-मजदूरी का काम करता है और झुग्गी (कच्चा मकान) में बालिका को साथ रखा था। पुलिस टीम द्वारा आरोपी के मिलने के संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही थी जिसकी जानकारी आरोपी भेखलाल को मिलने पर ट्रेन से बालिका को लेकर जम्मू से फरार हो गया। पुलिस टीम बालिका व संदेही का पीछा करते हुए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के पास आरोपी भेखलाल पटेल का हिरासत में लिया गया। बालिका का कॉउसलिंग व कथन आदि की कार्यवाही पश्चात आरोपी भेखलाल पटेल को दोनों अपराधों में गिरफ्तार कर ज्यूडिसियल रिमांड पर पेश कर जेल दाखिल किया गया है।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला के मार्गदर्शन पर गुम बालिका की पतासाजी एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रोहित बंजारे, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, आरक्षक कीर्तन सिदार, महेश पंडा (साइबर सेल) तथा आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी की विशेष भूमिका रही है।