राज्य

ट्रक और बस की टक्कर में 11 लोगों की मौत, 25 घायल
Posted Date : 10-Jun-2019 1:14:16 pm

ट्रक और बस की टक्कर में 11 लोगों की मौत, 25 घायल

चौपारण ,10 जून । झारखंड के चौपारण में सोमवार तडक़े एक बस और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि 25 घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए चौपारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। यह हादसा सुबह करीब साढे तीन बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, ये बस गुमला से मसौढ़ी जा रही थी। जिस समय हादसा हुआ तब बस में सभी यात्री सो रहे थे। हादसे का कारण बस के ब्रेक का फेल होना बताया जा रहा है। मृतकों में कई लोग बिहार के गया, जहानाबाद, डोभी, बाराचट्टी के रहनेवाले हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह है कि मरनेवालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना में नौ यात्रियों की मौत की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं, इलाज के दौरान दो लोगों की मौत सामुदायिक चौपारण में हो गई। मामले की जानकारी मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों के साथ ही प्रशासन की टीम भी राहत कार्य में जुटी है। बताया जा रहा है कि जिन लोगों की मौत हुई है उनमें बस का ड्राइवर और खलासी भी शामिल है। मृतकों में उपेंद्र बर्णवाल उम्र लगभग 45 साल , उनका बेटा आदित्य कुमार उम्र 10 साल कोतवाली थाना, गया, बिहार के रहने वाले हैं। मृतकों में योगेंद्र प्रसाद (जहानाबाद), भारती देवी, पति रामकृष्ण प्रसाद (रांची उम्र 40 साल), रामानंद पासवान (नंदुबीघा, जहानाबाद, बिहार), बंधनी मुंडा (भरनो, गुमला) और शिव शंकर प्रसाद (शांति नगर, रातू रोड, रांची) शामिल हैं।

लू के थपेड़ों से लोग बेहाल, राजधानी में रेड अलर्ट
Posted Date : 10-Jun-2019 1:13:59 pm

लू के थपेड़ों से लोग बेहाल, राजधानी में रेड अलर्ट

0-उत्तर भारत में गर्मी से हाहाकार
नईदिल्ली,10 जून । दिल्ली एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोग हलाकान हैं। राजधानी में रविवार को एक बार फिर तापमान ने 5 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 44 डिग्री तापमान और लू के थपेड़ों से लोग बेहाल हो गए। तापमान में बढ़ोतरी के कारण रविवार को दिल्ली में औरेंज अलर्ट जारी किया गया। 
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में पारा 43.8 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वर्ष 2015 में 9 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। 
आज को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस तक चढऩे की आशंका है। भीषण गर्मी की चेतावनी देते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट घोषित किया है। लिहाजा, लोगों को गर्मी की मार से बचकर रहना होगा। बुधवार और गुरुवार के लिए भी दिल्ली में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। 
इस बीच अधिकतम तापमान 43 और 42 डिग्री रहने की आशंका है। इन तीन दिनों में 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी के साथ गर्जन की संभावना है। शुक्रवार और शनिवार को भी दिल्ली का तापमान करीब 43 डिग्री रहने की संभावना है। इसके लिए फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। रविवार को दिल्ली के पालम और आयानगर मानक केंद्र पर अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, जाफरपुर केंद्र पर अधिकतम पारा 45.6 डिग्री, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स केंद्र पर 45.5 डिग्री, रिज केंद्र पर 44.9 डिग्री, मुंगेशपुर और नजफगढ़ केंद्र पर 44.4 डिग्री और लोधी रोड मानक केंद्र पर 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मासूम का अपहरण कर हत्या, आरोपी की हुई पहचान
Posted Date : 09-Jun-2019 12:51:43 pm

मासूम का अपहरण कर हत्या, आरोपी की हुई पहचान

भोपाल ,09 जून । उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक ढाई साल की बच्ची की नृशंक हत्या के बाद अब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक एक आठ वर्षीय मासूम का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। कमलानगर थाना क्षेत्र की मंडवा बस्ती में रहने वाले परिवार की आठ वर्षीय बालिका शनिवार की रात अपने घर से सामान लेने बाहर गई थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। आसपास के क्षेत्रों में परिजनों ने बच्ची की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। रविवार की सुबह उसका शव क्षेत्र के ही एक नाले में मिला।  पुलिस ने आरोपी की पहचान करने का दावा किया है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके परिजनों ने जमकर हंगामा किया, वहीं क्षेत्र में तनाव के माहौल को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। 
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, एक आरोपी की पहचान कर ली गई है, साथ ही सबूत भी मिल गए हैं। पुलिस को बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का शक है, अभी चिकित्सा रिपोर्ट आनी बाकी है। भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर, मासूम की हत्या की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची और शोक व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। 

मंगलवार तक नहीं मिलेगी उत्तर भारतीयों को गर्मी से राहत
Posted Date : 09-Jun-2019 12:48:28 pm

मंगलवार तक नहीं मिलेगी उत्तर भारतीयों को गर्मी से राहत

0-मौसम विभाग की चेतावनी
नईदिल्ली,09 जून । केरल तट पर मानसून ने एक हफ्ते की देरी से दस्तक तो दे दी है, लेकिन देश के कई इलाकों में गर्मी का प्रकोप अभी भी जारी है। उत्तर भारत के लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी, यहां 11 जून के बाद ही मानसून के आने की संभावना है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के अलावा मध्य भारत और दक्षिण भारत में भी गर्मी का कहर जारी है और यहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।  यहीं नहीं राजस्थान में तो तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के भी पार जा चुका है। आरएनएस के अनुसार भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि करीब एक सप्ताह में केरल से होते हुए देश के अन्य हिस्सों में मानसून पहुंचेगा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), हरियाणा और पंजाब में 11 जून के बाद ही प्रचंड गर्मी से राहत मिलेगी, जब पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश होगी। वहीं, पूर्वोत्तर में मौसम की स्थिति मानसून के अनुकूल होने से असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश के आसार हैं। देश के अन्य हिस्सों में मानसून के पहुंचने पर ही लोगों को बढ़ते तापमान से राहत मिलेगी। 
इस समय देशभर में गर्मी पूरे चरण पर है और महाराष्ट्र इस साल गंभीर सूखे की चपेट में है। राज्य के बांधों में महज 7.7 फीसदी पानी बचा है, जो बीते दस सालों में सबसे न्यूनतम स्तर है। मध्य प्रदेश में देवास के पंजापुरा वन क्षेत्र में 9 बंदरों की गर्मी के चलते मौत हो गई। बीते कुछ दिनों से यहां पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है।
वहीं, इस भीषण गर्मी का असर पश्चिम और दक्षिणी राज्यों के जलाशयों पर भी पड़ा है। इन इलाकों में देश के प्रमुख जलाशयों का जलस्तर काफी नीचे चला जाता है जिसकी वजह से महाराष्ट्र और राजस्थान सहित आसपास के तमाम सूखा ग्रस्त इलाकों में जल संकट की समस्या गहरा जाती है। गौर है कि देश का ज्यादातर हिस्सा सिंचाई के लिए मानसून पर निर्भर है। इसलिए इसका बेसब्री से इंतजार किया जाता है। ग्रामीण भारत का अधिकांश हिस्सा सिंचाई के लिए चार महीने के मानसून पर आश्रित रहता है।  

जगन्नाथ घाट के पास केमिकल गोदाम में लगी भीषण आग
Posted Date : 08-Jun-2019 12:30:52 pm

जगन्नाथ घाट के पास केमिकल गोदाम में लगी भीषण आग

कोलकाता,08 जून। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के प्रसिद्ध हावड़ा ब्रिज के पास एक कैमिकल फैक्ट्री के गोदाम में आज आग लग गई। यह फैक्ट्री जगन्नाथ घाट इलाके में स्थित है। आग इतनी भयंकर भी कि इसके काले धुंए ने हावड़ा ब्रिज को भी अपने आगोश में ले लिया। आग बुझाने के लिए दमकल की 30 गाडिय़ों को रवाना कर दिया गया है। फिलहाल इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी है। फायर ऑफिसर देबतानु बोस ने केमिकल गोदाम में आग लगने की स्थिति पर कहा है कि किसी भी दुर्घटना की सूचना नहीं है और 25 फायर ब्रिगेड के कर्मी मौजूद हैं। आग पर काबू पाना अभी बाकी है। हम इमारत के अंदर प्रवेश करने में असमर्थ हैं, मध्य भाग का छत व इमारत ढह गई है।
डीसीपी ट्रैफिक कोलकाता ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट में लिखा- जगन्नाथ घाट के पास आग लगने की वजह से स्ट्रैंड बैंक रोड यातायात के लिए बंद है। कृपया किसी दूसरे मार्ग का इस्तेमाल करें।

नौकरी का झांसा देकर प्रोफेसर ने पूर्व छात्रा से किया रेप
Posted Date : 08-Jun-2019 12:29:49 pm

नौकरी का झांसा देकर प्रोफेसर ने पूर्व छात्रा से किया रेप

नई दिल्ली,08 जून। आईआईटी जोधपुर के एक प्रोफेसर द्वारा अपनी पूर्व छात्रा के साथ नोएडा में कथित तौर पर रेप किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रोफेसर ने नौकरी दिलाने के बहाने पूर्व छात्रा को बुलाया था। इस मामले में पीडि़ता ने थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में ले लिया है। पीडि़ता के अनुसार, प्रोफेसर ने नौकरी दिलाने के बहाने उसे दिल्ली से नोएडा के सेक्टर-16 ए स्थित गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) कंपनी के गेस्ट हाउस में बुलाया था जहां आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया।
रिपोर्ट के अनुसार, थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह चौहान ने बताया कि दिल्ली निवासी पीडि़ता ने गुरुवार रात मामला दर्ज कराया कि विवेक विजयवर्गीय नामक प्रोफेसर ने उसके साथ सेक्टर-16 स्थित गेल कंपनी के गेस्ट हाउस में गुरुवार को दुष्कर्म किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने महिला को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।  उन्होंने बताया कि आरोपी प्रोफेसर सेक्टर-16 ए स्थित गेल कंपनी के एक कार्यक्रम में भाग लेने आया था। वह कंपनी के गेस्ट हाउस में ही रुका था। थाना प्रभारी ने कहा कि पीडि़ता प्रोफेसर की पूर्व छात्रा है। उसने वर्ष 2000 में कोटा स्थित एक एकेडमी में पीडि़ता को कोचिंग दी थी। उन्होंने बताया कि पीडि़ता का पति बैंक में नौकरी करता है तथा महिला इस समय बेरोजगार है।