छत्तीसगढ़

17-Oct-2018 9:27:20 am
Posted Date

महिलाओं को टिकट देने में कांग्रेस-भाजपा कर रही कंजूसी

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में भाजपा और कांगे्रस जैसी प्रमुख राजनैतिक पार्टियां महिलाओं को टिकिट देने में काफी कंजूस रही है। भाजपा ने सिर्फ सिहावा विधानसभा से पिंकी ध्रुव को टिकिट दिया जबकि कांग्रेस ने धमतरी से जयाबेन, कुरूद से दीपा साहू और सिहावा से अंबिका मरकाम को टिकिट दिया। इन्हें विधानसभा में प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। उल्लेखनीय है कि जिले में हर साल महिलाओं के मतदान का प्रतिशत भी बढ़ते जा रहा है। इस बार विधानसभा चुनाव में तीन लाख से ज्यादा महिलाओं को मताधिकार दिया गया है।
चुनाव को लेकर धमतरी जिले में जिस तरह से मतदाताओं में भारी जागरूकता आई है, इससे यहां लोकतंत्र की नींव काफी मजबूत भी हुई है। पिछली बार विधानसभा चुनाव में महिलाएं, पुरूष मतदाताओं से महज एक फीसदी मतों से पीछे रहे। वर्ष-2008 में भी यह फासला महज कुछ वोटो का रहा। निर्वाचन सूत्रों के मुताबिक वर्ष-2013 के धमतरी विधानसभा चुनाव में कुल 1,85,387 मतदाता थे, जिनमें से 1,54,717 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 77,372 पुरूष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, वहीं 77,345 महिलाओं ने भी मतदान किया। इस तरह बीते चुनाव में 83.57 प्रतिशत पुरूष तथा 83.23 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान में हिस्सा लिया।
इसके पूर्व वर्ष-2008 के विधानसभा चुनाव में धमतरी विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं अपना नेता चुनने के लिए काफी रूचि दिखाई। इस चुनाव में धमतरी विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,72,224 मतदाताओं में से 1,39,633 मतदाताओं ने मतदान के हवन कुंड में आहूतियां दी। इसमें महिला मतदाताओं की संख्या 68,516 थी, जबकि 69,864 पुरूष मतदाताओं ने वोट डाला। इस तरह कुल 50.03 प्रतिशत पुरूष तथा 49.78 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदान कर जागरूकता का परिचय दिया। इस तरह लगातार महिला मतदाताओं में चुनाव को लेकर जागरूकता बढ़ती जा रही है।
पुरूषों से ज्यादा महिलाएं
उल्लेखनीय है कि इस बार के विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। यह वृद्धि पुरूष मतदाताओं से भी ज्यादा है। निर्वाचन शाखा के मुताबिक जिले में कुल 5 लाख 92 हजार 141 मतदाता है, जिनमें महिलाओं की संख्या 3,00,002 तथा पुरूष मतदाताओं की संख्या 2,92,127 है।
इसी तरह बीते चुनाव में कुरूद क्षेत्र में 74,606 महिलाओं ने मतदान किया, जबकि पुरूषों की संख्या 76,715 रही। कुल 1 लाख 70 हजार 699 मतदाताओं वाले इस क्षेत्र में 89.06 प्रतिशत पुरूष तथा 88.23 प्रतिशत महिलाओं ने अपने मतदाधिकार का प्रयोग किया। सिहावा विधानसभा में पिछली बार कुल 1 लाख 72 हजार 242 मतदाताओं में से 70,790 महिला तथा 70,362 पुरूष मतदाताओं ने वोटा डाला। इनमें 82.30 प्रतिशत पुरूष तथा 81.62 प्रतिशत महिला मतदान का प्रतिशत रहा।
इन्हें मिला मौका
धमतरी विधानसभा में 1957 से लेकर 2013 तक हुए 13 बार के विधानसभा चुनाव में सिर्फ जयाबेन ही दो बार निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंची। इसी तरह कुरूद में 1975 से 2013 तक हुए चुनाव में सिर्फ एक बार 1985 के चुनाव में दीपा साहू निर्वाचित हुई। आदिवासी बाहुल्य सिहावा विधानसभा क्षेत्र में 1932 से लेकर अब तक 12 बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। यहां से भी पिंकी ध्रुव और अंबिका मरकाम को विधानसभा में प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।

Share On WhatsApp