छत्तीसगढ़

12-Dec-2018 11:20:43 am
Posted Date

चुने हुए जनप्रतिनिधि विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री का करेंगे चुनाव-पीएल पुनिया

० लोकतंत्र की विजय से आमजनों को रमन सरकार से मुक्ति मिली -भूपेश बघेल 
रायपुर, 11 दिसंबर । विधानसभा चुनाव 2018 में स्पष्ट जनादेश देकर छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस के हाथ में ड्यूटी एवं कर्तव्य सौंपे हैं। 15 वर्षों के बाद पहली बार कांग्रेस स्पष्ट जनादेश के आधार पर सरकार बना रही है। इसके लिए आम जनता किसान, मजदूर, श्रमिक एवं महिलाओं के प्रति मैं आभार व्यक्त करता हूं साथ ही कांग्रेस के कार्यकर्ता बूथवार जिस तरह से प्रशिक्षण के उपरांत दिन रात मेहनत कर पार्टी को जितवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं हैं उनके प्रति भी आभार व्यक्त करता हूं। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने डोर टू डोर चुनाव प्रचार में अहम भूमिका निभाई है। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में मिली यह जीत भ्रष्ट एवं षडयंत्रकारी अधिकारियों से मुक्ति का संदेश है। उक्ताशय की जानकारी राजीव भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी पीएल पुनिया ने देते हुए बताया कि राहुल गांधी ने व्यवस्थित एवं अद्वितीय चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस को कोटि-कोटि बधाई दी है। पुनिया ने कहा कि आम जनता ने स्पष्ट जनादेश देकर अपनी अपेक्षाएं पूरी करने की जिम्मेदारी कांग्रेस को सौंपी है। अब हमारा कर्तव्य है कि आम समस्याओं का सिरे से निराकरण हों। पत्रकारों के साथ पिछले 15 वर्षों में हुई बदसलूकी विशेषकर विनोद वर्मा एवं रूचिर गर्ग को लेकर पूछे गए सवाल पर पुनिया ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लेखन एवं दृश्यश्रव्य माध्यमों को अपना कार्य करने की पूर्ण स्वतंत्रता होगी इसमें किसी प्रकार की बाधा डाली जाती है। नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। 
पत्रकारवार्ता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के  अध्यक्ष भूपेश बघेल ने स्पष्ट जनादेश को कांग्रेस के पक्ष में दिए जाने को लोकतांत्रिक मूल्यों की विजय बताया। उन्होंने कहा कि रमन सरकार के  कुशासन से जनता को मुक्ति मिली है। जिन अधिकारियों ने भ्रष्ट भाजपाईयों का साथ दिया है वह लेखा जोखा के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बदले की राजनीति नहीं करती। जीरम घाटी कांड मामले की तह तक जाकर जांच कराई जाएगी। उन्होंने मीडिया को धन्यवाद देते हुए कहा कि बुरे वक्त में पत्रकार साथियों ने हमारा साथ दिया। कांग्रेस इस उपकार को कभी नहीं भूलेगी। 
कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया ने बताया कि नई सरकार का शपथ ग्रहण चुने हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी एवं विधायकों की बैठक में किया जाएगा। रायशुमारी के उपरांत मुख्यमंत्री का फैसला एवं कैबिनेट का फैसला सर्वसम्मति से लेकर इसे फाइनल कर दिल्ली भेजा जाएगा। वहां कोर कमेटी की बैठक में जिसे जिम्मेदारी दी जाएगी। वहीं प्रदेश का मुख्यमंत्री होगा। उन्होंने कहा कि सरकार के ऊपर अहम जिम्मेदारी है समस्याएं बहुत है अपेक्षाएं भी काफी है। इन सबसे सिलसिलेवार निपटा जाएगा। 2019 का लोकसभा चुनाव नरेंद्र मोदी के लिए 2020 हो  जाएगा। पत्रकार वार्ता में पूर्व महापौर डॉ. किरणमयी नायक वरिष्ठ नेता गजराज पगारिया, सुभाष धुप्पड़, सुशील आनंद शुक्ला, शैलेष नीतिन त्रिवेदी सहित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। 

Share On WhatsApp