आज के मुख्य समाचार

20-Feb-2022 3:54:15 am
Posted Date

सीएम चन्नी ने मूसेवाला में शाम 6 बजे बाद भी करते रहे प्रचार, चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज

चंडीगढ़   । पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस उम्मीदवार शुभदीप सिंह (सिद्धू मूसेवाला) के खिलाफ चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज हुआ है। दोनों मानसा में शुक्रवार शाम छह बजे प्रचार की समय सीमा के बाद भी प्रचार करते पाए गए। सिटी-1 मानसा पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मूसेवाला के लिए घर-घर जाकर प्रचार करने की खातिर चन्नी शुक्रवार शाम मानसा पहुंचे थे। एफआईआर के अनुसार, मानसा से आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार डॉ विजय सिंगला ने चुनाव पर्यवेक्षक सीके यादव को शिकायत सौंपी, जिसमें कहा गया था कि कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
मूसेवाला ने 400 से अधिक समर्थकों के साथ प्रचार किया
उडऩ दस्ते की टीम की ओर से स्पॉट वेरिफिकेशन के बाद, चुनाव अधिकारियों ने पाया कि चन्नी मनसा के मतदाता नहीं थे और उन्होंने एक अन्य निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार की आचार संहिता का उल्लंघन किया। मूसेवाला 400 से अधिक समर्थकों के साथ प्रचार कर रहे थे, जो परमिशन लिमिट से ज्यादा है।
कांग्रेस उम्मीदवार मोफर पर बिना अनुमति रोड शो का मामला दर्ज
वहीं, मानसा के सरदुलगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार बिक्रम सिंह मोफर पर शुक्रवार को बिना अनुमति रोड शो करने का मामला दर्ज किया गया था। मोफर के खिलाफ झुनीर पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 188 और 171-एफ (चुनाव में अनुचित प्रभाव या पहचान) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पंजाब की कुल 117 सीटों पर रविवार को मतदान
पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कल यानी रविवार को मतदान होगा। सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। प्रदेश भर में 14,751 जगहों पर 24,740 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। पंजाब में 117 विधानसभा सीटों के लिए विधायक चुने जाएंगे। इसके लिए 1,304 उम्मीदवार के बीच मुकाबला होगा। कड़ी टक्कर आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, अकाली दल-बसपा गठबंधन, भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और शिअद संयुक्त गठबंधन के अलावा पंजाब के 22 किसान संगठनों के संयुक्त समाज मोर्चा के बीच है।

Share On WhatsApp