आज के मुख्य समाचार

06-May-2021 5:53:21 pm
Posted Date

जेल की 21 फीट ऊंची दीवार फांदकर 5 कैदी फरार, जेल प्रशासन में मचा हडक़ंप

0-सभी आरोपी गंभीर प्रकरणों में जेल में बंद है
0-आरोपियों को पकडऩे जिले के सीमाओं को किया गया सील
महासमुंद, 06 मई । छत्तीसगढ़ के महासमुंद जेल से गुरुवार को गंभीर अपराधों में लिप्त पांच कैदी आज पुलिस प्रहरियों को चकमा देकर दीवार कूदकर फरार हो गये। कैदियों के फरार होने के बाद जेल प्रशासन में हडक़ंप मचा हुआ है। फरार कैदियों को पकडऩे के लिए महासमुंद के सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। घटना अपरान्ह करीब 3.30 बजे की है। 
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज अपरान्ह करीब 3.30 बजे महासमुंद जेल में बंद 05 कैदी जिनमें धनसिंह, डमरूधर, राहुल, दौलत और करण जेल में पहरेदारों की आंख में धुल झोंकर दीवार कूदकर फरार हो गये। फरार कैदियों में तीन कैदी लूट और डकैती के अपराधी है, जबकि एक बलात्कार एवं एक ड्रग्स के मामले में गिरफ्तार किया गया है। 
जेलर ने स्कूटी से पीछा किया
महासमुंद की इस जेल में दोपहर के खाने के बाद कैदी अपने-अपने बैरक में थे। कुछ बाहर कैंपस में रूटीन के कामों में लगे थे, जिसमें भागने वाले कैदी शामिल थे। जेल के जेलर आरएस सिंह ने बताया कि करीब 3.30 बजे मेरे पास कर्मचारी आए और बंदियों के भागने की जानकारी दी, जिसके बाद वे स्वयं अपनी स्कूटर पर बंदियों को पकडऩे उनका पीछा किया, लेकिन सभी कैदी अलग-अलग दिशा में भागने में कामयाब रहे। टीम ने उन्हें तलाशने का भरपूर प्रयास किया मगर सभी भागने में कामयाब हो गए। इसके बाद हमने अफसरों को इसकी जानकारी दी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक भागे हुए कैदी में शामिल धनसाय 33 साल , डमरूधर 24 साल और राहुल 22 साल ये तीनों लूट के आरोपी हैं। महासमुंद में ही आरोपियों ने एक वारदात को अंजाम दिया था। साल 2019 से ये तीनों इसी जेल में थे। इनमें से राहुल यूपी का रहने वाला है और अन्य दो महासमुंद के निवासी हैं।  इसके अलावा दौलत 23 वर्ष दुष्कर्म का आरोपी है, वहीं करण 21 साल नशीली चीजें रखने के मामले में पकड़ा गया था, ये दोनों भी महासमुंद के ही रहने वाले हैं।
21 फीट की ऊंची दीवार फांदने में कामयाब रहे कैदी
कैदियों के भागने की सूचना मिलते ही एएसपी मेघा टेंभुरकर भी मौके पर पहुंचीं और इस घटना की जानकारी ले रही है। फरार कैदियों को पकडऩे फिलहाल पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है। अब भागे हुए बंदियों की जानकारी पेट्रोलिंग टीम को दी गई है। पुलिस की खास टीमें इन्हें ढूंढने के मिशन पर हैं। पुलिस दावा कर रही है आरोपी जल्द ही पकड़े जाएंगे। 
आखिर कैसे भागे कैदी:
पुलिस अफसरों की एक टीम बंदियों की तलाश कर रही है। दूसरी टीम इस बात की जांच में जुटी है कि आखिर ये 5 आरोपी भागे कैसे। एक चर्चा ये भी है कि अंदर ही किसी कर्मचारी या किसी और पुराने बंदी ने 5 कैदियों को भागने में सहयोग किया होगा। क्योंकि 21 फीट ऊंची दीवार फांदना बिना किसी मदद के मुमकिन नहीं। हालांकि ये सभी बिन्दु जांच के विषय है। जांच के बाद ही इसका खुलासा हो पायेगा। फिलहाल इस घटना ने जेल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए है जिससे जेल प्रशासन से लेकर ऊपर तक के अधिकारियों में हडक़ंप मचा हुआ है।  

Share On WhatsApp