आज के मुख्य समाचार

वियतनाम में बाढ़ और भूस्खलन से 114 की मौत, 21 लापता
Posted Date : 22-Oct-2020 12:39:26 pm

वियतनाम में बाढ़ और भूस्खलन से 114 की मौत, 21 लापता

हनोई। वियतनाम में इस माह बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण 114 लोगों की मौत हो गई है और 21 अन्य लापता हैं। प्राकृतिक आपदा निवारण और नियंत्रण समिति ने गुरूवार को बताया कि मुख्य रूप से चंग ट्राई, थुआ थिएन ह्यू और चंग नाम के प्रांतों में बुधवार तक 111 लोगों के मौत रिपोर्ट थी। समिति की रिपोर्ट के अनुसार कल शाम सात बजे तक हा तिन्ह, चंग बिन्ह और चंग त्रि प्रांत के करीब 59,300 घरों से 206,800 लोगों को निकाला गया। समिति के अनुसार हा तिन्ह और चंग बिन्ह के करीब 46,800 घर बाढ़ में डूब गए है तथा 6,91,100 से अधिक मवेशी और मुर्गी मारे गए हैं या बाढ़ में बह गए हैं। समिति के अनुसार राहत, बचाव और पुर्नवास का कार्य जारी है।

नाइजीरिया में 20 लोगों की गोली मारकर हत्या
Posted Date : 22-Oct-2020 12:39:13 pm

नाइजीरिया में 20 लोगों की गोली मारकर हत्या

अबूजा। नाइजीरिया में जम्फरा प्रांत में बंदूकधारियों के एक समूह ने 20 ग्रामीणों की गोलीमार हत्या कर दी है। राज्य पुलिस के प्रवक्ता मोहम्मद शेहू ने बुधवार को बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को बंदूकधारियों की खबर देने को लेकर तुंगर काना गांव में ग्रामीणों पर हमला किया गया।
उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह ग्रामीणों की जानकारी से सुरक्षा बलों के जवानों ने कई बंदूकधारियों को ढेर कर दिया था। उन्होंने कहा कि बंदूकधारियों ने उनके खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के चलते ग्रामीणों को निशाना बनाया है। सुरक्षाबलों ने बंदूकधारियों को पकडऩे के लिए अभियान शुरु कर दिया है।

फ्रिज में सालभर से रखे नूडल खाने से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत
Posted Date : 22-Oct-2020 12:38:53 pm

फ्रिज में सालभर से रखे नूडल खाने से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

बीजिंग। चीन में फूड पॉयजनिंग से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि फ्रिज में करीब एक साल से पुराने नूडल्स रखे हुए थे जिसे खाने के बाद लोग बीमार पड़ गए। फ्रिज में लंबे वक्त से रखे गए नूडल्स से परिवार ने नूडल सूप तैयार किया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नूडल्स खाने के कुछ ही घंटे बाद लोग बीमार पड़ गए। हालांकि, ब्रेकफास्ट के मौके खाने के लिए कुल 12 लोग जमा हुए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, जहरीला खाना खाने की यह घटना पांच अक्टूबर की है। 10 अक्टूबर को सात लोगों को मृत घोषित कर दिया गया था। जबकि आठवें शख्स की मौत दो दिन के बाद हुई। आखिरी शख्स की मौत सोमवार को हुई। पीडि़त परिवार उत्तरी पूर्वी चीन के हेलोंगजिआंग में रहता था। घटना के बाद चीन के हेल्थ कमिशन ने राष्ट्रीय चेतावनी जारी की है और लोगों ने फरमेंटेड आटे से बने खाने से परहेज करने की सलाह दी है।
नूडल्स खाने के बाद बीमार पड़े लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बताया जाता है कि तीन लोगों ने उस दिन अजीबोगरीब स्वाद की वजह से नूडल खाने से मना कर दिया था जिससे उन तीनों की जान बच गई। चीन में हुई इस घटना से पूरे देश में सनसनी फैला दी है। वहां की सरकार ने तमाम दिशानिर्देश जारी करते हुए लोगों से इस तरह का खाना न खाने अपील की है।

अमेरिका ने ताइवान को एक अरब डॉलर से अधिक के हथियारों की बिक्री को मंजूरी दी
Posted Date : 22-Oct-2020 12:38:32 pm

अमेरिका ने ताइवान को एक अरब डॉलर से अधिक के हथियारों की बिक्री को मंजूरी दी

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन ने ताइवान के लिए एक अरब डॉलर से अधिक के उन्नत हथियारों की बिक्री को मंजूरी दी है। इस कदम से चीन के नाराज होने और वाशिंगटन और बीजिंग के बीच तनाव बढऩे की आशंका है
गृह मंत्रालय ने बुधवार को घोषणा की कि उसने ताइवान को अपनी रक्षा क्षमताओं में सुधार करने के लिए 135 भूमि से दागी जाने वाली मिसाइलों, संबद्ध उपकरणों की बिक्री और प्रशिक्षण को हरी झंडी दिखा दी है। 
बयान में कहा गया कि यह 'पैकेज करीब एक अरब डॉलर का है। मिसाइलें 'बोइंग द्वारा निर्मित हैं। 
बयान में कहा गया, '' यह प्रस्तावित बिक्री अपने सशस्त्र बलों को आधुनिक बनाने और विश्वसनीय रक्षात्मक क्षमता बनाए रखने के लिए प्राप्तकर्ता के निरंतर प्रयासों का समर्थन करते हुए अमेरिकी राष्ट्रीय, आर्थिक और सुरक्षा हित में है। 

एक बैंक में बंधक बनाए गए 43 लोगों को मुक्त कराया गया
Posted Date : 22-Oct-2020 12:37:41 pm

एक बैंक में बंधक बनाए गए 43 लोगों को मुक्त कराया गया

तबिलिसी। पूर्व सोवियत देश जॉर्जिया की पुलिस ने कहा कि बुधवार को सशस्त्र हमलावर द्वारा एक बैंक में बंधक बनाए 43 लोगों को मुक्त करा लिया गया है।
पुलिस द्वारा यह घोषणा स्थानीय मीडिया में बंदूकधारी द्वारा तीन बंधकों के साथ इमारत से भागने की खबर के महज कुछ देर बार की गई। 
सशस्त्र हमलावर ने पश्चिमी जॉर्जिया के जुगदीदी कस्बे में बैंक कर्मियों और ग्राहकों को बंधक बनाया था। 
जॉर्जिया के गृह मंत्री ने बंधकों की संख्या और हमलावर की मांग को लेकर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। हालांकि, स्थानीय मीडिया के मुताबिक हमलावर ने पांच लाख डॉलर नकद की मांग की है। 
जॉर्जिया के राष्ट्रीय टीवी चैनल मत्वारी ने खबर दी कि हमलावर के पास हथगोले हैं। इसके साथ ही तस्वीर प्रसारित की जिसमें बंधक लोग जमीन पर बैठे हैं और सैन्य वर्दी पहने नकाबपोश हमलावर राइफल के साथ खड़ा है। 
जॉर्जिया के कई टेलीविजन चैनलों ने खबरें प्रसारित की हैं कि हमलावर ने इमारत छोड़ दी है और अपने साथ तीन बंधकों को अज्ञात स्थान पर ले गया है। दो टेलीविजन चैनलों ने तस्वीर प्रसारित की जिसमें हमलावर तीन बंधकों के साथ इमारत से बाहर निकलता दिख रहा है। 
खबरों के मुताबिक तीन में से एक बंधक संभवत: स्थानीय पुलिस के प्रमुख हैं जो हमलावर के साथ बातचीत में शामिल थे। 
गृह मंत्रालय द्वारा बृहस्पतिवार तड़के जारी बयान के मुताबिक 43 बंधकों को मुक्त करा लिया गया है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस का अभियान जारी है। हालांकि, बयान में बंदूकधारी द्वारा तीन बंधकों को साथ ले जाने के बारे में टिप्पणी नहीं की गई है। 

भारी बारिश से कोयले की खदान धंसी, 11 खदान मजदूरों की मौत
Posted Date : 22-Oct-2020 12:37:20 pm

भारी बारिश से कोयले की खदान धंसी, 11 खदान मजदूरों की मौत

जकार्ता। इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर भारी बारिश की वजह से एक कोयले की खदान धंस गई जिसमें दबने से 11 खनिकों की मौत हो गई।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता रादित्य जाती ने बताया कि बृहस्पतिवार को दक्षिण सुमात्रा प्रांत के मुआरा इनिम जिले में तानजुंग लालंग गांव में खदान की करीब 20 मीटर गहरी सुरंग धंस गई। उन्होंने बताया कि स्थानीय बचाव कर्मियों ने सभी शवों को बाहर निकाल लिया है। 
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में 17,000 द्वीपों में फैले इंडोनेशिया में भारी बारिश और उच्च ज्वार की वजह से कई स्थानों पर बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं और पहाड़ों की तलहटी तथा नदियों के किनारे उपजाऊ जमीन पर रहने वाले लोग प्रभावित हुए हैं। इंडोनेशिया की मौसम, जलवायु और भूभौतिकी एजेंसी ने कहा कि इलाके में अगले तीन दिन तक हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। उल्लेखनीय है कि इंडोनिशया के अधिकतर हिस्सों में अक्टूबर से वर्षा ऋतु की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही प्रशांत महासागर में ला नीना के प्रभाव से बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है।