गर्लफेंड के साथ भागने की फिराक में था
नईदिल्ली। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को बढ़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एनकाउंटर के बाद 6 लाख रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार जब पुलिस और बदमाश के बीच एनकाउंटर हुआ तो वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ भागने की फिराक में था। इस बीच भनक लगने पर पुलिस ने चारों ओर से घेर लिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सुभाष नगर पार्क इलाके में बुधवार सुबह हुए एनकाउंटर के बाद कुख्यात और 6 लाख रुपये के इनामी बदमाश हाशिम को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वह अपनी गर्लफ्रेंड़ को लेकर भागने की तैयारी में था। वहीं, पुलिस से घिरने के बाद बदमाश हाशिम ने फायरिंग शुरू कर दी, इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश हाशिम के पैर में गोली लगी है। इसके बाद उसे अस्पताल में इलाज के बाद गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग के दौरान उसकी गर्लफ्रेंड आसपास ही मौजूद थी।
दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हाशिम के आने की सूचना पर सुभाष पार्क में और आसपास जाल बिछाया गया गया था। बुधवार तड़के लगभग 5.45 बजे हाशिम बाबा को अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घर से निकलते हुए देखा गया। इसके बाद वह घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल की ओर बढ़ा। इस दौरान मोटरसाइकिल पर बैठने के दौरान पुलिस की उपस्थिति की भनक लगते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई।
बताया जा रहा है कि आरोपित बदमाश हाशिम ने 3 राउंड फायर किए और जवाब में पुलिस ने 5 राउंड फायरिंग की। पुलिस ने हाशिम के पास से 9 एमएम की पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इसी के साथ कुछ खाली कारतूस भी बरामद हुए हैं।
नईदिल्ली। बिहार में मतों की गिनती के दौरान होते रहे उलटफेर के बाद 'अंत भला तो सब भला की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उम्मीद को पूरा करते हुए राज्य की जनता ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की झोली में विधानसभा की 125 सीट डालकर एक बार फिर उन्हें सत्ता की बागडोर सौंप दी है।
राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, मतगणना की समाप्ति के बाद राजग के घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 74 जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को 43 हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) सेक्यूलर और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को चार-चार सीटें मिली हैं। इस तरह 243 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए जरूरी 'जादुई आंकड़ा 122 को पार करते हुए राजग ने 125 सीटें हासिल कर ली है।
जदयू को इस बार के विधानसभा चुनाव में 28 सीट का नुकसान उठाना पड़ा है। पिछले चुनाव में उसकी सीटों की संख्या 71 थी। चुनाव में भाजपा को 21, वीआईपी को चार और हम को तीन सीट का लाभ हुआ है।
वहीं, तेजस्वी प्रसाद यादव की अगुवाई वाले महागठबंधन जो सुबह मतगणना के शुरुआती दौर में सरकार बनाते दिख रहा था उसे 110 सीट से ही संतोष करना पड़ा। हालांकि महागठबंधन के मुख्य घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लिए संतोष की बात सिर्फ यही रही कि वह 75 सीट जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरा है। बावजूद इसके उसे वर्ष 2015 के पिछले विधानसभा में 80 सीट मिली थी। महागठबंधन के अन्य घटक कांग्रेस की भी इस बार पिछले चुनाव से आठ सीटें कम हुई है और उसे मात्र 19 सीट पर संतोष करना पड़ा।
महागठबंधन में शामिल हुए वामदलों को भी काफी लाभ मिला। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) पिछले चुनाव की अपनी सीट संख्या तीन को बढ़ाकर 12 करने में कामयाब रही। वहीं, पिछले चुनाव में विधानसभा चुनाव में शून्य पर आउट हुई भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) दो दो सीट जीत गईं।
इसी तरह ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने पांच सीट, बहुजन समाज पार्टी(बसपा), लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) और निर्दलीय ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की।
इसी के साथ मध्य प्रदेश विधानसभा में 230 सीटें हैं और इस जीत के बाद भाजपा के पास अब 226 सीटें हो गई हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस नौ सीटों पर जीतने में ही कामयाब हो सकी और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का फिर से सत्ता पर काबिज होने का सपना टूट गया। राज्य में भाजपा को 49.5 प्रतिशत मत मिले है जबकि कांग्रेस को 40.5 प्रतिशत लोगों ने वोट दिया।
गुजरात में भाजपा ने अपनी लोकप्रियता बरकरार रखते हुए आठ सीटों पर हुए उप चुनावों में सभी पर जीत दर्ज कर ली है। राज्य में कांग्रेस ने इन चुनावों में बहुत खराब प्रदर्शन किया है और उसका कोई उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर सका। राज्य में कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के कारण ही ये उपचुनाव कराये गये। यहां भाजपा को 55.1 प्रतिशत और कांग्रेस को 34.3 प्रतिशत मत मिले है।
उत्तर प्रदेश में सात सीटों पर हुए उप चुनावों में भाजपा छह सीटों पर जीत गयी है और एक सीट समाजवादी पार्टी की झोली में गयी है। उत्तर प्रदेश में भाजपा को 36.7 प्रतिशत और सपा को 23.6 प्रतिशत मत मिले है।
पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में भी पांच सीटों पर हुए उप चुनाव में भाजपा ने चार पर जीत हासिल कर ली है और एक सीट निर्दलीय ने जीत ली है। यहां भाजपा को 40.5 फीसदी वोट मिले है। कर्नाटक में दो सीट पर हुए उप चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा ने दोनों सीटें पर बाजी मार ली है और राज्य में भाजपा को बंपर 51.7 प्रतिशत मत प्राप्त हुए हैं।
तेलंगाना में भी एक सीट पर हुए उप चुनाव में भाजपा ने सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति के उम्मीदवार को मात देते हुए विजय हासिल की और उसे 38.5 प्रतिशत लोगों ने वोट दिया। इस जीत के साथ राज्य में भाजपा के दो विधायक हो गए हैं। ओडिशा की दो सीटों पर सत्तारूढ़ बीजू जनता दल को जीत मिली हैं और भाजपा कुछ ख़ास प्रदर्शन नहीं कर सकी। सत्तारूढ़ पार्टी को यहां 52.4 प्रतिशत मत मिले।
इसके अलावा हरियाणा में एक मात्र बरोदा सीट पर हुए उप चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारते हुए भाजपा के योगेश्वर दत्त को पछाड़ दिया है। वही पूर्वोत्तर के और राज्य नागालैंड में दो सीटों पर हुए उप चुनाव में नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी को एक तथा एक पर निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली हैं।
झारखंड में दो सीटों पर उप चुनाव कराये गये जहां एक पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की और एक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने एक सीट जीत ली है तथा छत्तीसगढ़ में भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस ने एक मात्र सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 56.1 प्रतिशत लोगों ने वोट दिया।
तेल अवीव। इजराइल एयरलाइन ने बहरीन के लिए पहली सीधी फ्लाइट की घोषणा की है। सितम्बर में दोनों देशों के बीच संबंधों के सामान्य होने की घोषणा किए जाने के बाद इस फ्लाइट को शुरू किया गया है। एयरलाइन की ओर से जारी बयान के अनुसार इस फ्लाइट का संचालन तेल अवीव के बाहर बेन गूरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बहरीन की राजधानी मनामा के पास स्थित बहरीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक किया जाएगा।
पहले चरण में इस नए रूट पर दो साप्ताहिक उड़ानों का संचालन किया जाएगा। इसकी शुरुआत जनवरी 2021 से होगी। दरअसल सउदी अरब ने सितम्बर के शुरुआत में अपने क्षेत्र में इजरायली हवाई जहाजों को आने की अनुमति दी थी, जिसके बाद इस सीधी उड़ान का संचालन संभव हो पाया है। सितम्बर में इजएयर की ओर से घोषणा की गई थी कि वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लिए सीधी फ्लाइट का संचालन करेगा।
बर्लिन। जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति जो बिडेन से बातचीत की और निकट भविष्य में अमेरिका के साथ जर्मनी के रिश्ते और भी प्रगाढ़ होने की उम्मीद जतायी। जर्मनी के मंत्रिमंडल के प्रवक्ता स्टीफन सेइबर्ट ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुश्री मर्केल ने श्री बिडेन के साथ दूरभाष पर बातचीत की।
उन्हों ने कहा, संघीय चांसलर एंजेला मर्केल ने टेलीफोन पर अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बिडेन से आज बात की। इस दौरान उन्होंने श्री बिडेन के साथ ही साथ उपराष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित कमला हैरिस को बधाई दी। बातचीत के दौरान सुश्री मर्केल ने दोनों देशों के बीच रिश्ते प्रगाढ़ होने की उम्मीद जतायी। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने वैश्विक चुनौतियों का सामना करने से लिए आपसी सहयोग पर सहमति व्यक्त की।
बोगोटा। कोलम्बिया में टोपागा के पेनास डी अगुइला गाँव में स्थित कोयला खदान में विस्फोट होने से दो लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हुए हैं।
यह हादसा गैस रिसाव के कारण हुआ। टोपागा के मेयर अल्वारो बार्रेरा ने कहा कि विस्फोट के कारण दो मजदूर गंभीर हालत में झुलस गए। उन्होंने कहा कि विस्फोट के बाद राहत एवं बचाव शुरू किया गया। विस्फोट की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय खनन एजेंसी के सदस्य, बोयाका पुलिस और नागरिक सुरक्षा कर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि कार्बन डाइऑक्साइड अधिक होने के कारण निरीक्षण करते समय श्वास तंत्र के उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। मृतकों की पहचान हो गयी है, जिसमें से एक कोलम्बिया और दूसरा वेनेजुएला का नागिरक है।